Thursday, October 8, 2020

बोद्ध कथा 35 ओशो osho

बोध कथा क्रमांक ३५


प्रस्तुती द्वारा:-स्वामी रमेश भारती

*मनुष्य के आंख विश्वास से बंद हैं*

एक बहुत बड़ा विचारक था । 

वह एक दिन सुबह - सुबह अपने गांव के तेली के घर तेल खरीदने गया था । 

उसने तेल खरीदा । 

तब तक तेल तेली तौल रहा था , वह देखता रहा कि उसके पीछे ही तेली का कोल्हू चल रहा था । 

बैल की आंखों पर पट्टियां बंधी थीं और वह बैल कोल्हू को चला रहा था । कोई चलाने वाला नहीं था । 

*उसने उस तेली को पृछाः* कोई चला नहीं रहा है , फिर भी ये बैल चल रहा है , बात क्या है ?

उस तेली ने बड़े मतलब की बात कही । 

*उसने कहाः* देखते नहीं हैं , उसकी आंखें हमने बंद कर रखी हैं । जब आंख बंद होती है तो बैल को पता ही नहीं चलता कि कोई चला रहा है कि नहीं चला रहा है ।

आंख खुली हो तो बैल पता लगा लेगा कि कोई नहीं चला रहा है , तो वह खड़ा हो जाएगा । 

*उस विचारक ने पूछाः* लेकिन अगर वह खड़ा हो जाए , तो तुम्हें कैसे पता चलेगा ?....तुम तो पीठ किए बैठे हुए हो । 

*उसने कहाः* उसके गले में हमने घंटी बांध रखी है । चलता है घंटी बजती रहती है , जैसे ही घंटी रुकती , हम फिर उसे चला देते हैं । 

उसे कभी यह खयाल ही नहीं आ पाता कि बीच में चलाने वाला गैर - मौजूद था । 

*उस विचारक ने कहाः* लेकिन यह भी तो हो सकता है कि बैल खड़ा हो जाए और सिर हिलाता रहे , घंटी बजती रहे । 

*उस तेली ने कहाः* हाथ जोड़ते हैं आपके , कृपा करके यहां से चले जाइए , कहीं बैल ने आपकी बात सुन ली , बड़ी मुश्किल हो जाएगी ।

आप जाइए , और अगली बार कहीं और से तेल खरीदा करिए । 

बैल बिचारा सीधा काम कर रहा है , इस तरह की बात सुन ले सब गड़बड़ हो जाए । 

बैल कामालिक नहीं चाहता है कि विचार बैल तक पहुंच जाए । 

*दुनिया में कोई मालिक नहीं चाहता है कि विचार मनुष्य तक पहुंच जाए ।*

*और मनुष्य को जोता हुआ है , बहुत से , बहुत से कोल्हुओं में उससे काम करवाया जा रहा है । और उसके गले में घंटियां बांध दी गई हैं  जो बज रही हैं , और आदमी है कि आंख बंद किए चला जा रहा है ।*

*आंख किस बात से बंद हैं ?...आंख विश्वाससे बंद हैं ।*

*बिलीफ , आदमी की आंख पर बिलीफ की पट्टियां हैं...विश्वास की पट्टियां हैं ।* 


*तभी तो एक रंग की पट्टी एक आदमी को मुसलमान बना देती है , दूसरे को हिंदू , तीसरे को जैन , चैथे को ईसाई बना देती है ।*

*अन्यथा आदमी - आदमी में कोई और फर्क है सिवाय विश्वासों के ?*

*एक आदमी और दूसरे आदमी में कोई भेद है , कोई दीवार है , कोई खाई है उन दोनों के बीच ?*

*उनके प्रेम को रोकने वाली कोई दीवार है..??*

*सिर्फ विश्वास के अतिरिक्त और कोई दीवार नहीं है ।*


*मैं मुसलमान हो जाता हूं , आप हिंदृ हो जाते क्योंकि मुझे बचपन से दूसरे विश्वास का जहर पिलाया गया और आपको दूसरे विश्वासका जहर पिलाया गया ।*

*आपकी आंख पर दूसरे ढंग की पट्टियां बांधी गईं , कोई दूसरे कोल्हू में आपको जोता गया , मुझे किसी दूसरे कोल्हू में जोता गया ।*

*और चाहे हम किसी भी कोल्हू में जोते हों , एक बात तय है कि हमारी आंखें बंद कर दी गई हैं ।*

*हमारी आंख के खुलने के सारे द्वार बंद कर दिए गए हैं , हमारे भीतर खयाल भी पैदा न हो ।*

*और अगर कभी कोई खयाल दिलाने आ जाए तो कोल्हू का मालिक कहता है....आपके हाथ जोड़ते हैं , आप यहां से जाइए ।*

*आपकी बातें अगर बैल ने सुन ली तो बड़ी मुश्किल हो जाएगी ।*

*इसलिए दुनिया में जब भी विचार को जन्म देने वाले लोग पैदा हुए तो हमने उनकी हत्या कर दी । हमने उनको सूली पर लटका दिया , या जहर पिला दिया ।*


ओशो

No comments:

Post a Comment