Monday, October 12, 2020

समाधान ही समस्या है।'"You are the Self." osho

'
******************
समाधान ही समस्या है क्योंकि हर आदमी मूलतः स्वयं है-मैं स्वयं,आप स्वयं,यह स्वयं,वह स्वयं।
यह स्वयं प्रमाण है इसके लिये किसी प्रमाण की आवश्यकता नहीं।
स्व के कारण हर आदमी स्वछंद है,स्वचालक है,स्वतंत्र है,स्वबंधु है,स्वधन्य है,स्वस्थ है,स्वपूर्ण है,स्वप्रकाश,स्वप्रधान,स्वबीज,स्वभद्र,स्व भाव,स्वसिद्ध,स्व रुप,स्वज्ञ,स्ववश,स्ववृत्ति,स्व अवलंबी,स्वसंस्था,स्वस्थ,स्वस्थित,स्वच्छ,स्वधिष्ठित,स्वत:
-जितना भी कहें,कम है।स्व स्व स्व।जैसे मित्र कहता था-समझ,समझ,और समझ ही।
इसका ज्ञान स्वयं प्रज्वलित है।स्वयं से कौन छूट सकता है?क्या दो स्वयं हैं जो एक दूसरे से छूटेगा?एक दूसरे से छूटेगा तो दूसरा कौन है,दूसरा भी स्वयं है।स्वयं,स्वयं से मुक्त नहीं हो सकता अलबत्ता स्वयं की तरह रह जरुर सकता है भरपूर, अपने आपमें।
फिर समस्या कहां है?
समस्या है समाधान खोजने में।समाधान ही समस्या है।
भीतर हैं संचित वृत्तियाँ जो निरंतर उठती ही रहती हैं,अनुभव में आती ही रहती हैं।
थोडा पता लगायें कोरोना के कारण भय है या भय के कारण कोरोना है?
यह जो सब एकजुट होकर एक साथ कोरोना से लडने की बात हो रही है यह क्या डरे,दबे रहकर लडने की बात है या भयमुक्त होकर मुकाबला करने की अर्थात "कर्म" करने की बात है?
'कर्मण्येवाधिकारस्ते'।
निसंदेह यह कर्म है परंतु क्षमता पूर्वक,स्वतंत्रता पूर्वक कर्म करना तभी संभव है जब समस्या के मूल स्रोत को पहचान लिया जाय।
लोग कोरोना से डरे हुए हैं,भयभीत हैं,चिंतित हैं,अवसादग्रस्त हैं,बचाव चाहते हैं-इसका कारण है भय के मूलस्रोत से अनभिज्ञता।
भय भीतर है अपने ही संस्कार में।यह अपनी ही संचित(या दमित)वृत्ति है।बाहर कुछ भी हो सिर्फ कोरोना की ही बात नहीं,कोई भी बात और भीतर भय उभर आता है।
बाहर कुछ 'भयजनक मानकर उसका समाधान खोजा जाता है और यह 'समाधान' ही समस्या है क्योंकि यह भीतर असली समस्या से पलायन है।
भय भीतर से ही आता है,बाहर से कभी नहीं।बाहर तो कर्म है जब जैसा तब तैसा।अगर हम भीतर से आनेवाले भय को नहीं समझते तो बाहर कर्म में प्रवृत्त ह़ोना मुश्किल हो जाता है,हम पंगु हो जाते हैं।दोहरी मार पडती है।आदमी असहाय हो जाता है।ऐसा गलत समझ के कारण होता है।जब तक वह यह नहीं समझेगा कि भय का असली स्रोत वह स्वयं है,कुछ भी नहीं हो सकता।वह बाहर समाधान खोजता रहेगा और ऐसा समाधान, आत्मपलायन के रुप में स्थायी समस्या बना रहेगा।
इसलिए उसे बाहर से दृष्टि घुमाकर स्वयं पर स्थिर करनी होगी,स्वयं पर नजरें गडानी होगी कि यहाँ क्या गडबड है?स्वयं की तरह भरपूर जीने में क्या बाधा आ रही है?
आदमी बाहरी चिंता,बाहरी शंका,बाहरी भय से त्रस्त बना रहता है।सारे जन्म इसी मानसिकता में बीतते चले जाते हैं।कभी वह जान पाता है कि असली कारण खुद उसके भीतर है तब वह ठहरता है।जाहिर है कारण भीतर हो तो ठहरना ही पडेगा,कारण बाहर हो तो कहीं जा भी सकता है।
इसे समझना पडे-भीतर अहंवृत्ति के रुप में हम स्वयं हैं जिससे संचित भयवृत्ति मिलती है,एकरूप होती है और हम स्वयं वैसे ही हो जाते हैं-भयानुभवरुप।अहंबुद्धि अलग खडी रहती है और मिथ्या ही मानती है-'मैं भयभीत हूं।'
चलो मान भी लें।यह मन है,यह मैं नामक विचार है,संकल्प है,मान्यता है।यहां तक भी ठीक है मगर जैसे ही कारण बाहर माना और खुद से दृष्टि हट जाती है।अब खुद को समझे कौन?खुद को समझने के लिये खुद के साथ रहना और खुद पर दृष्टि गडाये रहना जरूरी है।
द्रष्टि बाहर है,किसी और पर है,किसी व्यक्ति, घटना,परिस्थिति पर तो अब अपने कारण को समझना कतई संभव नहीं।अपना कारण समझना हो तो अपना समग्र ध्यान स्वयं पर ही केंद्रित होना चाहिए।
यही सबसे बडी और असली समस्या है-"अन्य पर ध्यान की केंद्रितता"।
फिर भी कोशिश जरूर करनी चाहिए।आदत पुरानी है तो क्या हुआ,झूठ झूठ ही रहेगा।'सैंकडों वर्षों से जमा तहखाने का अंधकार प्रकाश की एक किरण का भी मुकाबला नहीं कर सकता'-यह उदाहरण प्रसिद्ध है इसलिए तथ्य को समझने की चेष्टा अवश्य करनी चाहिए।
धीमे धीमे जब ध्यान स्वयं पर आने लगता है तब स्वयं से छुटकारा पाने के प्रयास में कमी आने लगती है।आदमी अपने आपके साथ ठहरने लगता है।उसेभयमोहशोकविषादक्रोधक्षोभघृणाहिंसा आदि सबके कारण अपने ही भीतर साफ दिखाई पडने लगते हैं।
तब वह साक्षीभाव से उन्हें स्वतः खाली होने देता है-धैर्य पूर्वक उसे समय देता है इसके लिये या बाहरी कारणों को नकारने से अपनी अहंबुद्धि के झूठे आग्रहों को समझकर उनसे मुक्त हो जाता है।
मुक्ति का अर्थ है चेतना का मुक्त होना,ऊर्जा का मुक्त होना।यह असीम ऊर्जा है।
अब अगर असीम ऊर्जा से कहा जाय-'कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन।'कर्म में ही तुम्हारा अधिकार है,फल में नहीं, तो वह कहेगी-ठीक है,ठीक है।
असीम ऊर्जा को फल की पडी नहीं होती।उसका होना ही काफी होता है।उसका होना ही कर्म है।ऐसा व्यक्ति जहां भी हो उसकी उपस्थिति मात्र से सबमें बल,साहस और हिम्मत का संचार हो जाता है।
कमजोर, डरा आदमी इसके विपरीत वातावरण निर्मित करता है।
असीम ऊर्जा भरपूर जीती है स्वयं को और हर आदमी मूलतः यही है।वह इसे जाने,अनुभव करे तथा समाधान के,बचाव के उपाय न खोजता फिरे-सही दिशा में प्रयत्नशील हो तो कुछ होना संभव है।

No comments:

Post a Comment