Thursday, October 8, 2020

बोद्ध कथा osho ओशो

बोधकथा क्रमांक ३४
प्रस्तुती द्वारा:-स्वामी रमेश भारती
जीवन रहस्‍य-(प्रवचन–13)
जीवन क्‍या है?—(प्रवचन—तैहरवां)

सिकंदर हिंदुस्तान आया। और जब वह वापस लौट रहा था, तो हिंदुस्तान की सीमा को पार करते समय उसे खयाल आया कि यूनान में उसके मित्रों ने उससे कहा था कि लौटते समय एक संन्यासी को भी ले आना भारत से। और सब तो लाओगे ही, लेकिन धन, हीरे—जवाहरात, मोती, वे सब यूनान में भी हैं, एक संन्यासी भी ले आना।

सिकंदर ने और सब तो लूट की, संन्यासी की याद न रही, आखिरी क्षण में याद आई, तो उसने कहा, जाओ, किसी संन्यासी को पकड़ लाओ।

सिपाही गांव में गए, उन्होंने गांव के लोगों से पूछा। तो गांव के लोगों ने कहा, संन्यासी तो गांव में एक है, लेकिन तुम ले जा सकोगे, इसको हमें उम्मीद नहीं! उन्होंने कहा, इसकी तुम फिक्र छोड़ो। हम सिकंदर के सिपाही हैं। हम अगर पहाड़ों को कहें कि चलो, तो पहाड़ भी चलते हैं। ये नंगी तलवारें देखी हैं? संन्यासी क्या कर सकेगा? उन्होंने कहा, इसीलिए हम चिंतित हैं कि तुम्हारी तलवारें संन्यासी के साथ कुछ कर सकेंगी या नहीं कर सकेंगी! खैर, तुम जाओ, एक कोशिश कर लो।

वे गए। गांव के बाहर नग्न एक संन्यासी तीस वर्षों से नदी के तट पर था। यूनानी इतिहासकारों ने उसका नाम दंदामिस लिखा है। पता नहीं, उसका नाम क्या होगा। यूनानी नाम उन्होंने दंदामिस दिया है। हो सकता है दंडी साधु या ऐसा कुछ, दंडी स्वामी ऐसा कुछ उस आदमी का नाम रहा हो। डंडे वाला साधु, ऐसा कुछ नाम रहा हो। उन सिपाहियों ने जाकर दंदामिस को घेर लिया और उससे कहा कि सिकंदर की आशा है कि हमारे साथ चलो!

वह फकीर नंगा हंसने लगा। उसने कहा कि हमने उसी दिन से आशाएं माननी छोड़ दीं जिस दिन से हम संन्यासी हुए। हम आशाएं तब तक मानते थे, जब तक हम डरते थे। जो नहीं डरता, उससे आशा नहीं मनवाई जा सकती।

पर उन्होंने कहा, तुम्हें पता नहीं है, ये नंगी तलवारें देखते हो, हम तुम्हारी गर्दन काट देंगे!

तो उस संन्यासी ने कहा कि तुम काट दोगे, वह बहुत ठीक है, तुम काट सकते हो। हम कोई एतराज भी न करेंगे। लेकिन तुम्हारे गर्दन काटने से डरेंगे नहीं। क्योंकि गर्दन काटने से केवल वही डरता है, जो गर्दन कटने को मृत्यु समझता है।

ऐसे आदमी के सामने पहली दफा तलवारों पर जंग खा गई! नंगी तलवारें हाथ में थीं, लेकिन हाथ एकदम सुस्त हो गए। जो आदमी ऐसे मरने से राजी हो, इतनी मौज से, उसे मारना बिलकुल बेकार है। और जो आदमी इतनी मौज से मरने को राजी न हो, उसको जिंदा रखना भी बिलकुल बेकार है। लेकिन वह दूसरी बात फिर।

सिकंदर से जाकर उन्होंने कहा कि वह आदमी ले जाया नहीं जा सकेगा। अजीब आदमी है! हमने बहुत लोग देखे——मरने वाले, मारने वाले, लड़ने वाले, भाग जाने वाले। यह कुछ तीसरे तरह का है। न तो वह भागता है, न वह लड़ता है, उसके पास लड़ने को कुछ है नहीं, लेकिन वह भयभीत भी नहीं होता।

सिकंदर ने कहा, मैं खुद चलूंगा। और सिकंदर ने कहा कि हम तुम्हें स्वागत देंगे, सम्मान देंगे, शाही व्यवस्था देंगे——जो तुम चाहोगे देंगे।

उस फकीर ने कहा, तुम कुछ न दे सकोगे, क्योंकि हम कुछ चाहते नहीं हैं।

बहुत बार भिखारी सम्राटों के सामने अपमानित हुए हैं, बहुत बार भिखारी सम्राटों के सामने अपमानित हुए हैं, क्योंकि भिक्षा देने से सम्राटों ने इनकार कर दिया। ये कभी—कभी ऐसे मौके आते हैं कि सम्राट भिखारियों के सामने अपमानित हो जाते हैं, क्योंकि भिखारी कुछ लेने से इनकार कर देते हैं!

उसने कहा, तुम्हारे पास कुछ भी नहीं है, क्योंकि हमें कुछ चाह ही नहीं।

सिकंदर ने कहा, तब भी कोई बात नहीं। चलना तो पड़ेगा ही, अन्यथा यह तलवार तुम्हारी गर्दन पर रखता हूं।

उस फकीर ने कहा, रखो।

सिकंदर ने कहा, तुम नासमझ हो, गर्दन कटेगी और —नीचे गिर जाएगी!

उस संन्यासी ने कहा कि हम संन्यासी उसी दिन हुए, जिस दिन हमने देख लिया कि गर्दन कट जाए और नीचे गिर जाए, तो भी हम नहीं कटते हैं। अन्यथा हम संन्यासी ही नहीं होते। गर्दन गिरेगी तो तुम भी देखोगे कि गर्दन गिर रही है और मैं भी देखूंगा कि गर्दन गिर रही है। हालांकि तुम मुझे न देख पाओगे। मैं तुम्हें देखता रहूंगा।

ओशो

No comments:

Post a Comment