Thursday, October 8, 2020

पूर्ण से पूर्ण की ओर ओशो osho

भाग ---1    पूर्ण से पूर्ण की ओर 


           
ओम पूर्णमद: पूर्णमिद पूर्णात्पूर्णमुदव्यते।
पूर्णस्य पूर्णमादाय पूर्णमेवावशिष्यते।।
ओम शांति: शांति: शांति:।

ओम वह पूर्ण है और यह भी पूर्ण है; क्योंकि पूर्ण से पूर्ण की ही उत्पत्ति होती है। तथा पूर्ण का पूर्णत्व लेकर पूर्ण ही बच रहता है।
ओम शांति, शांति, शांति।

यह महावाक्य कई अर्थों में अनूठा है। एक तो इस अर्थ में कि ईशावास्य उपनिषद इस महावाक्य पर शुरू भी होता है और पूरा भी। जो भी कहा जाने वाला है, जो भी कहा जा सकता है, वह इस सूत्र में पूरा आ गया है। जो समझ सकते हैं, उनके लिए ईशावास्य आगे पढ़ने की कोई भी जरूरत नहीं है। जो नहीं समझ सकते हैं, शेष पुस्तक उनके लिए ही कही गई है।
जो नहीं जानते हैं, उनके लिए सिर्फ शुरू होती है।

कहा है कि पूर्ण से पूर्ण पैदा होता है, फिर भी पीछे सदा पूर्ण शेष रह जाता है। और अंत में, पूर्ण में पूर्ण लीन हो जाता है, फिर भी पूर्ण कुछ ज्यादा नहीं हो जाता है, उतना ही होता है, जितना था।

यह बहुत ही गणित विरोधी वक्तव्य है,
बहुत एंटी—मेथमेटिकल है।

पीडी आस्पेंस्की ने एक किताब लिखी है। किताब का नाम है, टर्शियम आर्गानम। किताब के शुरू में उसने एक छोटा सा वक्तव्य दिया है। पीडी आस्पेंस्की रूस का एक बहुत बड़ा गणितज्ञ था। बाद में, पश्चिम के एक बहुत अदभुत फकीर गुरजिएफ के साथ वह एक रहस्यवादी संत हो गया। 

लेकिन उसकी समझ गणित की है, गहरे गणित की। उसने अपनी इस अदभुत किताब के पहले ही एक वक्तव्य दिया है, जिसमें उसने कहा है कि दुनिया में केवल तीन अदभुत किताबें हैं; एक किताब है अरिस्टोटल की — पश्चिम में जो तर्क—शास्त्र का पिता है, उसकी — उस किताब का नाम है : आर्गानम। आर्गानम का अर्थ होता है, ज्ञान का सिद्धांत। 

फिर आस्पेंस्की ने कहा है कि दूसरी महत्वपूर्ण किताब है रोजर बैकन की, उस किताब का नाम है ' नोवम आर्गानम — ज्ञान का नया सिद्धांत। 

और तीसरी किताब वह कहता है मेरी है, खुद उसकी, उसका नाम है : टर्शियम आर्गानम — ज्ञान का तीसरा सिद्धांत। और इस वक्तव्य को देने के बाद उसने एक छोटी सी पंक्ति लिखी है जो बहुत हैरानी की है। 

उसमें उसने लिखा है, बिफोर दि फर्स्ट एक्सिस्टेड, दि थर्ड वाज़। इसके पहले कि पहला सिद्धांत दुनिया में आया, उसके पहले भी तीसरा था।

पहली किताब लिखी है अरस्तु ने दो हजार साल पहले। 

दूसरी किताब लिखी है तीन सौ साल पहले बैकन ने। और तीसरी किताब अभी लिखी गई है कोई चालीस साल पहले। 

लेकिन आस्पेंस्की कहता है कि पहली किताब थी दुनिया में उसके पहले तीसरी किताब मौजूद थी। और तीसरी किताब उसने अभी चालीस साल पहले लिखी है! 

न्यूटन नहीं था, तब भी जमीन में ग्रेविटेशन था। तब भी जमीन पत्थर को ऐसे ही खींचती थी जैसे न्यूटन के बाद खींचती है। न्यूटन ने ग्रेविटेशन के सिद्धांत को रचा नहीं, उघाड़ा। 
जो ढंका था, उसे खोला। 
जो अनजाना था, उसे परिचित बनाया। 
लेकिन न्यूटन से बहुत पहले ग्रेविटेशन था, नहीं तो न्यूटन भी नहीं हो सकता था। ग्रेविटेशन के बिना तो न्यूटन भी नहीं हो सकता, न्यूटन के बिना ग्रेविटेशन हो सकता है। जमीन की कशिश न्यूटन के बिना हो सकती है, लेकिन न्यूटन जमीन की कशिश के बिना नहीं हो सकता। न्यूटन के पहले भी जमीन की कशिश थी, लेकिन जमीन की कशिश का पता नहीं था।
आस्पेंस्की कहता है कि उसका तीसरा सिद्धांत पहले सिद्धांत के भी पहले मौजूद था। पता नहीं था, यह दूसरी बात है। और पता नहीं था, यह कहना भी शायद ठीक नहीं। क्योंकि आस्पेंस्की ने अपनी पूरी किताब में जो कहा है, वह इस छोटे से सूत्र में आ गया है। आस्पेंस्की की टर्शियम आर्गानम जैसी बड़ी कीमती किताब...। मैं भी कहता हूं कि उसका दावा झूठा नहीं है। जब वह कहता है कि दुनिया में तीन महत्वपूर्ण किताबें हैं और तीसरी मेरी है, तो किसी अहंकार के कारण नहीं कहता। यह तथ्य है। उसकी किताब इतनी ही कीमती है।

उसने पूरी किताब में यह सिद्ध करने की कोशिश की कि दुनिया में दो तरह के गणित हैं। एक गणित है, जो कहता है, दो और दो चार होते हैं। साधारण गणित है। हम सब जानते हैं। साधारण गणित कहता है कि अगर हम किसी चीज के अंशों को जोड़े, तो वह उसके पूर्ण से ज्यादा कभी नहीं हो सकते। साधारण गणित कहता है, अगर हम किसी चीज को तोड़ लें और उसके टुकड़ों को जोड़े, तो टुकड़ों का जोड़ कभी भी पूरे से ज्यादा नहीं हो सकता है। यह सीधी बात है। अगर हम एक रुपए को तोड़ लें सौ नए पैसे में, तो सौ नए पैसे का जोड़ रुपए से ज्यादा कभी नहीं हो सकता। या कि कभी हो सकता है? अंश का जोड़ कभी भी अंशी से ज्यादा नहीं हो सकता, यह सीधा सा गणित है।

लेकिन आस्पेंस्की कहता है, एक और गणित है, हायर मैथमेटिक्स। एक और ऊंचा गणित भी है और वही जीवन का गहरा गणित है। वहां दो और दो जरूरी नहीं है कि चार ही होते हों। कभी वहां दो और दो पांच भी हो जाते हैं। और कभी वहां दो और दो तीन भी रह जाते हैं। 

वह कहता है कि कभी कभी अंशों का जोड़ पूर्ण से ज्यादा भी हो जाता है। इसे थोड़ा समझना पड़ेगा। और इसे हम न समझ पाएं, तो ईशावास्य के पहले और अंतिम सूत्र को भी नहीं समझ पाएंगे।

एक चित्रकार एक चित्र बनाता है। अगर हम हिसाब लगाने बैठें, तो रंगों की कितनी कीमत होती है ??? कुछ ज्यादा नहीं। 
कैनवस की कितनी कीमत होती है ???
 कुछ ज्यादा नहीं। लेकिन कोई भी श्रेष्ठ कृति, कोई भी श्रेष्ठ चित्र, रंग और कैनवस का जोड़ नहीं है, जोड़ से कुछ ज्यादा है — समथिंग मोर।

एक कवि एक गीत लिखता है। उसके गीत में जो भी शब्द होते हैं, वे सभी शब्द सामान्य होते हैं। उन शब्दों को हम रोज बोलते हैं। शायद ही उस कविता में एकाध ऐसा शब्द मिल जाए जो हम न बोलते हों। न भी बोलते हों, तो परिचित तो होते हैं। फिर भी कोई कविता शब्दों का सिर्फ जोड़ नहीं है। शब्दों के जोड़ से कुछ ज्यादा है — समथिंग मोर।

एक व्यक्ति सितार बजाता है। सितार को सुनकर हृदय पर जो परिणाम होते हैं, वे केवल ध्वनि के आघात नहीं हैं। ध्वनि के आघात से कुछ ज्यादा हम तक पहुंच जाता है।

इसे ऐसा समझें — एक व्यक्ति आंख बंद करके आपके हाथ को प्रेम से छूता है, स्पर्श वही होता है, वही व्यक्ति क्रोध से भरकर आपके हाथ को छूता है, स्पर्श वही होता है। जहां तक स्पर्श के शारीरिक मूल्यांकन का सवाल है, दोनों स्पर्श में कोई बुनियादी फर्क नहीं होता। फिर भी जब कोई प्रेम से भरकर हृदय को छूता है, तो उसी छूने में से कुछ निकलता है जो बहुत भिन्न है। 

और जब कोई क्रोध से छूता है, तो कुछ निकलता है जो बिलकुल और है। और कोई अगर बिलकुल निष्पक्षता से, तटस्थता से छूता है, तो कुछ भी नहीं निकलता है। छूना एक सा है, स्पर्श एक सा है।

अगर हम भौतिकशास्त्री से पूछने जाएंगे, तो वह कहेगा कि हाथ पर एक आदमी ने हाथ को छुआ, कितना दबाव पड़ा, दबाव नापा जा सकता है। हाथ पर कितना विद्युत का आघात पड़ा, वह भी नापा जा सकता है। एक हाथ से दूसरे हाथ में कितनी ऊष्मा, कितनी गर्मी गई, वह भी नापी जा सकती है। लेकिन वह ऊष्मा, वह हाथ का दबाव, किसी भी रास्ते से बता न सकेगा कि जिस आदमी ने छुआ उसने क्रोध से छुआ था कि प्रेम से छुआ था। 
फिर भी स्पर्श के भेद हम अनुभव करते हैं। निश्चित ही स्पर्श, केवल हाथ की गर्मी, हाथ का दबाव, विद्युत के प्रभाव का जोड़ नहीं है, कुछ ज्यादा है।

जीवन कुछ श्रेष्ठतर गणित पर निर्भर है। यहां जिन चीजों को हमने जोड़ा था, उनसे नई चीज पैदा हो जाती है, उनसे श्रेष्ठतर का जन्म हो जाता है, उनसे महत्वपूर्ण पैदा हो जाता है। क्षुद्रतम से भी महत्वपूर्ण पैदा हो जाता है।

जिंदगी साधारण गणित नहीं है। बहुत श्रेष्ठतर, गहरा, सूक्ष्म गणित है। ऐसा गणित है जहां आंकड़े बेकार हो जाते हैं। जहां गणित के जोड़ और घटाने के नियम बेकार हो जाते हैं। और जिस आदमी को गणित के पार, जिंदगी के रहस्य का पता नहीं है, उस आदमी को जिंदगी का कोई भी पता नहीं है।

इस महावाक्य मे बड़ी अजीब बातें कही गई हैं, 
हायर मैथमेटिक्स की। 

कहा है कि पूर्ण से पूर्ण निकल आता है, फिर भी पीछे पूर्ण शेष रह जाता है। साधारण गणित के हिसाब से बिलकुल गलत बात है। अगर हम किसी भी चीज में से कुछ निकाल लेंगे, तो उतना ही शेष नहीं रह सकता जितना था। कुछ कम हो जाएगा। हो ही जाना चाहिए; अन्यथा हमारे निकाले हुए का क्या हुआ ??? 
अगर मैं एक तिजोरी में से दस रुपए निकाल लूं उसमें अरबों रुपए भरे हों, तो भी कम हो गए। दस पैसे भी निकाल लूं तो भी कम हो गए। उतना ही शेष नहीं रह सकता जितना पहले था। कितनी ही बड़ी तिजोरा हो  कुबेर का खजाना हो कि सोलोमन का  अगर दस नार पैसे भी हमने उसमें से निकाले, तो अब तिजोरी उतनी ही नही है जितनी थी, कुछ कम हो गई। और कितना ही बड़ा खजाना हो, अगर हम दस कोड़ी भी उसमें डाल दें, तो अब उतनी ही नहीं रही जितनी थी। कुछ जुड़ गई और ज्यादा हो गई।

लेकिन यह सूत्र कहता हूँ कि पूर्ण सै पूर्ण निकल आता है, थोड़ा भी नहीं, दस पैसे नहीं निकालते, पूरी तिजोरी ही बाहर निकाल लेते हैं — पूर्ण से पूर्ण ही बाहर निकाल लेते हैं, फिर भी पीछे पूर्ण ही शेष रह जाता है।

जब आप किसी को प्रेम देते हैं, तो आपके पास प्रेम कम होता है ???
आप पूरा ही प्रेम दे डालते हैं, तब भी आपके पास कुछ कमी हो जाती है ???

 नहीं। 

आदमी के पास इस सूत्र को समझने के लिए जो निकटतम शब्द है वह प्रेम है। उससे ही हमें पकड़ना पड़ेगा। सच तो यह है कि प्रेम आप कितना ही दे डालें, उतना ही बच रहता है जितना था। उसमें कोई भी कमी, नहीं आती। बल्‍कि कुछ तो कहते हैं कि वह और बढ़ जाता है। जितना आप देतें हैं, उतना बढ़ जाता है। जितना आप बांटते हैं, उतना गहन होता चला जाता है। जितना लुटाते हैं, उतना ही पाते हैं कि और—और उपलबध होता चला जा रहा है। जों अपने सारे प्रेम को फैंक दे बाहर, वह अनंत प्रेम का मालिक हो जाता है। पूर्ण से पूर्ण निकल आए और पीछे पूर्ण ही शेष रह जाए, तो इसका अर्थ हुआ कि यह गणित सै नहीं समझाया जा सकेगा, प्रेम से समझना पड़ेगा। 

इसलिए जो आइंस्टीन के पास समझने जाएंगे, वे नहीं समझ पाएंगे। मीरा के पास समझने जाएं, तो शायद समझ मैं आ जाए। चैतन्य के पास समझने जाएं तो शायद समझ में आ जाए। क्योंकि यह किसी और ही आयाम, किसी और ही डायमेंशन की बात है, जहां देने से घटता नहीं।

आपके पास सिवाय प्रेम के और कोई ऐसा अनुभव नहीं है जिससे समझने की पहली चोट हो सके। पता नहीं, प्रेम का अनुभव भी है या नहीं, क्योंकि सौ में से निन्यानबे को वह भी नहीं है।

पूर्ण से पूर्ण निकल आता है, फिर भी पीछे पूर्ण शेष रह जाता है। परमात्मा से यह पूरा संसार निकल आता है। 
छोटा नहीं अनंत, असीम। 
छोर नहीं, ओर नहीं, 
आदि नहीं, अंत नहीं ।
इतना विराट सब निकल आता है। फिर भी परमात्मा पूर्ण ही रह जाता है पीछे। और कल यह सब कुछ उस परम अस्तित्व में वापस गिर जाएगा, वापस लीन हो जाएगा, तो भी वह पूर्ण ही होगा। नहीं कोई घटती होगी, नहीं कोई बढ़ती होगी।

ओशो 
ईशावास्‍य उपनिषाद--( प्रवचन--01 )

No comments:

Post a Comment