ज्ञान जहां तक जाता है वहां तक उस ज्ञान के विस्तार का नाम वेद है। वेद का अर्थ होता है. ज्ञान; जानना। जिस मूल से वेद शब्द बना है उसी से विद्वान भी। ज्ञान अर्थात वेद।
लेकिन ऐसा भी आयाम है जीवन का, और अस्तित्व की ऐसी गुह्य स्थिति भी है, जहां वेद भी प्रवेश नहीं कर पाता है, जहां ज्ञान भी नही पहुंच पाता है, जहां ज्ञान को भी बाहर ही छोड़ कर प्रवेश मिलता है। इसलिए भारत ने एक अनूठा शब्द गढ़ा है, वह सुना आपने बहुत होगा, समझा शायद ही हो; वह शब्द है, ' वेदांत। ' वेदांत का अर्थ होता है : जहां वेद का भी अंत हो जाए, जहा वेद की भी पहुंच नहीं, जहां वेद के भी आगे जाना पड़ता है, जहां वेद भी व्यर्थ हो जाता है, जहां वेद की भी गति नहीं।
वेद का अर्थ है : समस्त ज्ञान.. जहां तक जाना जा सकता है, वह सब भी काम नहीं पड़ता--जो भी जाना हुआ है वह काम नहीं पड़ता; जो भी जान लिया गया है वह काम नहीं पड़ता; जो भी अनुभव हुआ है वह काम नहीं पडता; जो भी ज्ञात संपदा है वह काम नहीं पड़ती--वहां से वेदांत शुरूहोता है।
जहां वेद समाप्त होता है वहां से वेदांत शुरू होता है; वेद की जहां सीमा आ जाती है वहां वेदांत का प्रारंभ है। अगर वेदांत को हम ठीक से अंग्रेजी में अनुवादित करें तो उसका अर्थ होगा : नो-नॉलेज।
इसकी तीन सीढ़ियां हम समझ लें।
एक है, ज्ञान; उसके नीचे एक सीढ़ी है, अज्ञान;
और उसके ऊपर एक सीडी है, ज्ञानातीत।
अज्ञान--जब हम नहीं जानते;
ज्ञान--जब हम जानते हैं... अर्थात न जानने के हम पार गए; और ज्ञानातीत--अर्थात जब हम जानने के भी पार गए।
अज्ञान तो बांधता ही है, ज्ञान भी बांध लेता है। मुक्ति तो तभी है जब ज्ञान भी शून्य हो जाए। अज्ञान तो शून्य होना ही चाहिए, पर उतना काफी नहीं है। तो पृथ्वी पर अज्ञान को मिटाने वाली तो बहुत सी परंपराएं पैदा हुईं, सारे जगत में अनंत धाराएं पैदा हुईं जिन्होंने अज्ञान को मिटाने की कोशिश की, लेकिन संभवत: पूरब के बहुत कीमती लोगों ने एक और नई धारा पैदा की और उन्होंने कहा कि एक सीमा आ जाती है जहां ज्ञान को भी मिटाना होता है, वह भी बंधन बन जाता है, न जानना तो बंधन है, जानना भी बंधन बन जाता है।
क्योंकि जानने की भी सीमा है। कितना ही कोई जानता हो, जानना असीम नहीं हो सकता। और असीम को अगर जानना हो, तो समस्त जानने को छोड़ देना पड़ता है।
इसलिए गहरे अर्थों में परम ज्ञानी अज्ञानी जैसा हो जाता है--एक अर्थ में अज्ञानी जैसा हो जाता है; क्योंकि जान उसके पास भी नहीं।
एक अर्थ में अज्ञानी से बिलकुल विपरीत होता है; क्योंकि अज्ञानी इसलिए अज्ञानी होता है कि ज्ञान उसके पास नहीं है, और ज्ञानी इसलिए अज्ञानी होता है--यह परम इतनी--कि उसने ज्ञान को भी छोड़ दिया।
हमारा ज्ञान भी इस जगत में सब-कुछ जान लेगा, सिर्फ वह जो हमारे भीतर छिपा हुआ ब्रह्म है, वह जो हम हैं, उसे भर नहीं जान पाएगा; क्योंकि ज्ञान उस ब्रह्म की आंख है; उससे सब-कुछ जाना जा सकता है। और उस सब-कुछ को जो जान कर संग्रह किया गया है उसका नाम वेद है।
ब्रह्म ने जिसे जाना है वह वेद है,
और ब्रह्म जिससे जाना जाता है वह वेदांत है।
अब यह ब्रह्म किससे जाना जाएगा ???
कौन जानेगा इसे ???
असल में जानने की भाषा ही छोड़ देनी पड़ेगी, क्योंकि जानना सदा दूसरे का ही होता है। स्वयं का कोई जानना क्या होगा!
कैसे जानेंगे उसे जो हम हैं ही ???
कौन जानेगा ???
किस कोण से जानेगा ???
किस दिशा से जानेगा ???
इसलिए स्वयं के संबंध में हम जो भी जान लेंगे वह पराया हो जाएगा जानने के कारण ही। असल में स्वयं का होना ज्ञान की पकड़ के बाहर है।
तो एक है उपाय कि अगर हम सारे ज्ञान को वस्त्रों की भांति उतार कर नीचे रख दें; जैसे कोई नग्न हो जाए वस्त्रों को छोड़ कर,
ऐसे हम ज्ञान से नग्न हो जाएं, तो जो स्फुरणा घटित होती है--वह ज्ञान नहीं है, स्फुरणा है,
तो जो पुलक भीतर हो जाती है, वह जो बिना जाने जानना हो जाता है उसका नाम वेदांत है।
ज्ञान से नग्न हुआ जो चित्त है वह वेदांत में प्रवेश करता है।
*सर्वसार-उपनिषद*
*🌹201007🌹*
*🌹 ओशो प्रेम...✍🏻♥️*
No comments:
Post a Comment